भोपाल। प्रदेश में संचालित हो रही 108 एंबुलेंस सेवा के बदले कंपनी को हो रहे भुगतान पर भ्रष्टाचार का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। बुधवार को मप्र कांग्रेस के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक व आरटीआई प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि एंबुलेंस का छत्तीसगढ़ में पंजीयन कराकर वहां के नंबर प्लेट के साथ मध्य प्रदेश में संचालित की जा रही हैं, जो अनुबंध अनुसार प्रदेश सरकार के साथ बड़ा आपराधिक कृत्य है। इससे राज्य को लगभग 30 से 40 करोड़ के राजस्व की हानि हुई है।
इस तरह हो रहा भ्रष्टाचार
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी अनुसार विदिशा जिले में परिवहन किए गए रोगियों में एक जनवरी 23 को पांच बार एक ही नाम की महिला (मीना) का पंजीयन दिखाया गया है। वहीं, जिस मोबाइल नंबर से एंबुलेंस को बुलाया गया, उसका नाम नहीं दर्शाया गया है। ऐसे एक नहीं कई मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ विदिशा जिले में जेईएस एंबुलेंस द्वारा प्रतिदिन लगभग 160 से 200 व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं, जिसमें 80 प्रतिशत से ज्यादा गभर्वती महिलाएं हैं। प्रदेश भर में 1950 एंबुलेंस चल रही हैं। बिल भगुतान के अनुमान पर जेएइएस द्वारा एक एंबुलेंस की औसत रनिंग 300 किलोमीटर प्रतिदिन का आकलन सामने आ रहा है।