
सोशल मीडिया स्टार एल्विश यादव की नई वेब सीरीज ‘औकात के बाहर’ में भोपाल के 12 वर्षीय कलाकार प्रांजल शर्मा ने ‘जूनियर एल्विश’ की भूमिका निभाई है। सीरीज में एल्विश यादव मुख्य किरदार राजवीर के रूप में हैं, जबकि प्रांजल ने यंग राजवीर का किरदार प्ले किया। वेब सीरीज की शूटिंग भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में की गई।
थिएटर से फिल्म और वेब तक का सफर भोपाल में रहने वाले प्रांजल शर्मा ने 3 साल की उम्र से ही थिएटर में कदम रखा। वे वरिष्ठ रंगकर्मी केजी त्रिवेदी ‘चच्चा’ के छात्र हैं और त्रिकर्षि नाट्य संस्था से जुड़े हुए हैं। प्रांजल अब तक 20 से अधिक नाटकों में अभिनय कर चुके हैं और उन्होंने ‘स्त्री 2’, ‘दुर्गामती’, ‘कठहल’, ‘सेल्फी’, ‘डरन-छू’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है। इसके अलावा वे कई विज्ञापन फिल्मों, वेब सीरीज, और टीवी शो जैसे ‘मौका-ए-वारदात’ और ‘सावधान इंडिया’ में भी दिखाई दे चुके हैं। खेलो इंडिया में वे मैस्कॉट ‘मोगली’ के रूप में भी नजर आए थे।
वेब सीरीज का अनुभव यादगार प्रांजल ने बताया कि वेब सीरीज में काम करना उनके लिए एक अनोखा अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “मैंने नॉर्मल ऑडिशंस देकर इस वेब सीरीज में हिस्सा लिया। थिएटर और कैमरा एक्टिंग दोनों अलग फील्ड हैं, लेकिन मेरे हिसाब से थिएटर थोड़ा बेहतर है। इस सीरीज की शूटिंग के दौरान हमें प्राइवेट हॉस्पिटल में रात 8 बजे से सुबह 4 बजे तक काम करना पड़ा। खून-खराबे वाले सीन और बारिश के सीन मेरे लिए बहुत यादगार रहे। दाहोद गांव में मंडी दीप में पूरे दिन शूटिंग की, यह मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा।”