
,भोपाल: मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहने और सर्द हवाएं चलने के कारण प्रदेश में ठिठुरन बरकरार है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम 4 डिग्री सेल्सियस तापमान शहडोल में रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, राजगढ़, इंदौर एवं शाजापुर जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के 24 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। दिन का सबसे अधिक 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। बुधवार को भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, शाजापुर, जबलपुर, सिवनी जिले में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बना हुआ है। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। मध्य पाकिस्तान में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। 13 दिसंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी वहीद खान ने बताया कि पाकिस्तान पर बने चक्रवात के असर से हवाओं का रुख बदलने की संभावना है। इस वजह से फिलहाल रात के तापमान में गिरावट होने के आसार नहीं हैं। हालांकि रात का तापमान अधिकतर शहरों में 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना रहने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि 13 दिसंबर को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी होने की संभावना है। उसके प्रभाव से 15 दिसंबर के बाद रात के तापमान में एक बार फिर गिरावट होने के आसार हैं।
भोपाल में मंगलवार सुबह शहर में हल्की धुंध छाई रही। शीतलहर का प्रभाव बना रहने के कारण ठिठुरन बनी रही। हालांकि धूप निकलते ही सुबह की गुनगुनी धूप अच्छी लगी। दोपहर के बाद धूप में तीखापन भी महसूस हुआ। बुधवार को भी शहर में शीतलहर का असर रहने की संभावना है।