जानकारी के अनुसार एक माह पहले कलेक्टर ने अभिभावकों की शिकायत के बाद दस प्रतिशत से अधिक फीस वसूलने वाले स्कूलों की रिपोर्ट तैयार करने के लिए सभी एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए थे। इसके बावजूद एक माह के दौरान यह रिपोर्ट पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी। सोमवार को कलेक्टर ने डीईओ अंजनी कुमार त्रिपाठी से इस बारे में पूछताछ की। इस दौरान त्रिपाठी ने कहा कि फिलहाल रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
कलेक्टर ने कहा कि उन्हें ज्यादा फीस वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ दो दिन में कार्रवाई की जाए। बैठक में समस्त एडीएम, एसडीएम एवं जिला प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
छोटा वन बनाएं, लगाए जाएंगे 12 लाख पौधे
कलेक्टर ने बताया कि तीन जुलाई को हरियाली महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान वृहद स्तर पर पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। इसमें लगभग 12 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए सभी को अपने लक्ष्य अनुसार जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीडब्ल्यूडी विभाग को अलग से जगह चिन्हित कर ‘छोटा वन’ विकसित करने के निर्देश दिए हैं।इसमें वृहद स्तर पर पीडब्ल्यूडी विभाग, कांट्रैक्टर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य विभागों के साथ मिलकर नीम, आम, बरगद, करंज आदि पौधों का रोपण किया जाएगा।