
मध्यप्रदेश की लोकसभा सीटों पर मिली हार की शनिवार को कांग्रेस वजह तलाशेगी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी दो दिन के दौरे पर आई है।
यह कमेटी भोपाल में बैठकें कर हार के कारणों की वजह पूछने के बाद एआईसीसी को रिपोर्ट सौंपेगी। इस कमेटी के चेयरमैन महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चह्वाण हैं, उड़ीसा के कोरापुट से सांसद सप्तागिरी उलका और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी सदस्य हैं।
पहले दिन उम्मीदवारों के साथ बैठक
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के तीनों सदस्य पृथ्वीराज चह्वाण, सप्तागिरी उलका और जिग्नेश मेवाणी 29 जून को लोकसभा चुनाव लड़ने वाले सभी 27 कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ बैठक करेंगे। तीनों सदस्य एमपी की सभी लोकसभा सीट के हारे हुए उम्मीदवारों से वन-टू-वन बातचीत करेंगे।
इस दौरान हर लोकसभा सीट पर नतीजों की फैक्ट शीट बनाई जाएगी। जिसमें किन वजहों से कांग्रेस को किस विधानसभा सीट पर जीत मिली, यह पता किया जाएगा। साथ ही कितने वोटों की लीड मिली और किन विधानसभाओं में कितने अंतर से हार का सामना करना पड़ा, इसका ब्यौरा भी शामिल रहेगा।
यह भी पूछा जाएगा कि चुनाव के दौरान विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारियों ने काम किया या प्रत्याशियों के प्रचार से किनारा कर रखा।
रविवार को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक
शनिवार को प्रत्याशियों के साथ वन-टू-वन करने के बाद कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक रविवार को होगी। इस बैठक में फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के मेंबर प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित अन्य दिग्गजों नेताओं से चर्चा करेंगे। इस बैठक में कांग्रेस के संगठन को दुरुस्त करने पर चर्चा होगी।