
भोपाल।पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा से लोकसभा सदस्य चुने गए शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देशवासियों का सौभाग्य है कि नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पिछले 10 सालों में उन्होंने देश के विकास और जनता के कल्याण के लिए काम किया है। आज भारत इस स्थिति में पहुंच गया है कि विश्व को दिशा दिखाएगा।
एमपी में सभी 29 सीटें हारने पर कांग्रेस में मचे कलह पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सुलह कब थी। कलह का गढ़ ही कांग्रेस है। देश में विभाजन की जिम्मेदार है कांग्रेस। अगर देश के टुकड़े भी हुए थे तो कांग्रेस के कारण हुए थे। शिवराज सिंह चौहान नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुने जाने पर मीडिया से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा, 'भारत माता एक बार फिर अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पद पर आसीन हो रही है। एक नरेंद्र (विवेकानंद) ने सौ वर्ष पहले कहा था और दूसरे नरेन्द्र के हाथों ये हो रहा है'। 10 सालों में भारत का जो विकास हुआ है वो अपने आप में चमत्कार है। किसान कल्याण, युवा कल्याण, महिला सशक्तीकरण की योजनाएं अद्भुत हैं।