
लोकसभा चुनाव की काउंटिंग का काउंटडाउन शुरू हो गया है। देशभर के साथ ही मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर हुए मतदान के नतीजे 4 जून को आ जाएंगे। सुबह 8 बजे काउंटिंग शुरू होगी, जो अंतिम नतीजे आने तक जारी रहेगी। दोपहर तक रुझान सामने आ जाएंगे।
मतगणना से एक दिन पहले सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतगणना को लेकर तैयारियों की जानकारी दी।
विदिशा से बीजेपी प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के शाहगंज में पत्नी साधना सिंह के साथ नर्मदा पूजन किया। वे सलकनपुर में मां बिजासन के दरबार भी पहुंचे। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने गुजरात में सोमनाथ के भालका तीर्थ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने दावा किया कि देश में एक बार फिर से मोदी सरकार बनने जा रही है।
राजगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर एग्जिट पोल और ईवीएम पर सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी के दावे पर कहा कि अगर ये 300 पार जाते हैं तो फिर वो ईवीएम के वोट होंगे जनता के नहीं।
जबलपुर में बनी 'मोदी मिठाई', इंदौर में भी जश्न की तैयारी
उज्जैन में काउंटिंग के एक दिन पहले ही बीजेपी की जीत के होर्डिंग्स लग गए। जबलपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जीत की तैयारियां शुरू कर दी है। यहां भाजपा कार्यकर्ता मिठाई बनाने में जुटे हैं। उन्होंने मिठाई को मोदी मिठाई नाम दिया है।
इंदौर में भी बीजेपी ने विजय उत्सव की तैयारी की है। पार्टी दफ्तर भगवा रंग से सजा दिया गया है। इसके साथ ही ढोल, आतिशबाजी और मिठाई का प्रबंध भी यहां किया गया है।