
दतिया। अंचल में हो लगातार हो रही बारिश से राजगढ़ किले की दीवार ढह गई। दीवार ढहने से 9 लोग दब गए। आसपास के लोगों ने 2 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने दो शवों को निकाला है। अन्य लोगों को निकालने का प्रयास रेस्क्यू टीम कर रही है।
लोगों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 3 बजे बहुत तेज आवाज आई। बाहर निकले तो देखा तो किले की दीवार गिर गई है। हमने दो लोगों को तत्काल बाहर निकला और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर कलेक्टर संदीप मकीन, एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा और एसडीईआरएफ की टीम पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन करना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने रेस्क्यू की गति धीमी होने का आरोप लगाकर सुबह करीब 8 बजे हंगामा कर दिया। उनका कहना था कि मलबा हटाने में लापरवाही बरती जा रही है। सुबह 4 बजे से मलबा हटाया रहा है, लेकिन रेस्क्यू टीम एक भी आदमी को बाहर नहीं निकाल पाई है। मलबे की चपेट में निरंजन बंशकार और उसकी बहन का परिवार आया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि बीते 30 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते किले की दीवार कमजोर हो गई थी।