
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में एमबीए की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से कहा गया कि वे खुद की मौत का संदेश लिखकर लाएं। दरअसल, प्रबंधन सिद्धांत विषय के शिक्षक ने छात्रों को यह असाइनमेंट दिया। विद्यार्थियों को स्वयं का फोटो लगाकर अपना ही शोक संदेश लिखकर देने को कहा गया।
इसमें न केवल विद्यार्थी की मृत्यु की सूचना देनी थी, अपितु श्रद्धांजलि का संदेश भी लिखना था। इस अजीबोगरीब असाइनमेंट पर कुछ अभिभावकों ने आपत्ति दर्ज कराई, तब मामला सामने आया। विश्वविद्यालय के खंडवा रोड स्थित परिसर में एमबीए के विद्यार्थियों को शिक्षक डॉ. अतुल भरत ने यह असाइनमेंट दिया है।
एमबीए की दो बैच में पढ़ रहे करीब सवा सौ विद्यार्थियों से कहा गया कि असाइनमेंट जमा नहीं करने पर उनके परीक्षा के अंक भी कटेंगे। इसके बाद अधिकांश विद्यार्थियों ने तय प्रारूप में अपना ही शोक संदेश बनाकर शिक्षक के पास जमा भी करवा दिया।
शिक्षक डॉ. अतुल भरत ने विवादित असाइनमेंट को पढ़ाई का तरीका बताया है। किसी भी इंटरव्यू में सबसे पहले पूछा जाता है कि लक्ष्य क्या है। शोक संदेश लिखवाने के पीछे उद्देश्य भी यही है कि विद्यार्थी जानें कि दुनिया उन्हें किस तरह याद करे।