इंदौर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संगीत के प्रति प्रेम एक बार फिर देखने को मिला। शनिवार को इंदौर दौरे के दौरान उन्होंने डेंटल कॉलेज के बाहर शहनाई वादकों को देखकर अपना काफिला रुकवा दिया और खुद उनके पास पहुंच गए।दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव डेंटल कॉलेज में नवीन ब्लॉक के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे। तभी उनकी नजर शहनाई वादकों पर पड़ी। उन्होंने कलाकारों से मुलाकात की और शहनाई बजाने का तरीका भी सीखने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
सीएम ने कलाकारों की सराहना की
शहनाई वादकों के मधुर स्वर ने मुख्यमंत्री को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने अपना काफिला रोककर कुछ देर उनके साथ बिताया। उन्होंने कलाकारों से बातचीत की और उनके काम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत एक ऐसी कला है जो मन को शांत करती है और आत्मा को ऊर्जा देती है।
डेंटल कॉलेज में नए ब्लॉक का लोकार्पण
इससे पहले मुख्यमंत्री ने इंदौर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में नवनिर्मित ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस ब्लॉक का निर्माण 600.84 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इस नए ब्लॉक के निर्माण से कॉलेज में चल रहे स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए जगह की कमी दूर होगी। साथ ही, कॉलेज में नई ओ.पी.जी. मशीन और 75 डेंटल चेयर यूनिट्स भी लगाई जा रही हैं।