
भोपाल। अब इंदिरा गांधी गैस राहत अस्पताल की ओपीडी वार्ड की फाल सीलिंग गिरने का मामला सामने आया है। हालांकि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी घटना टल गई है। यह वही कमरा है जहां पर पर्चा बनवाने के बाद मरीज सबसे पहले पहुंचते हैं। इससे पहले हमीदिया अस्पताल में तीन बार यह घटना हो चुकी है। जयप्रकाश अस्पताल में भी छज्जा गिर गया था।
अस्पताल अधीक्षक डा. संजय गुप्ता ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे ओपीडी वार्ड में फल सीलिंग भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। डा. गुप्ता ने कहा कि सीलिंग के मेंटेनेंस के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।
बता दें कि इससे पहले भी अस्पताल में फाल सीलिंग की घटनाएं हुई हैं। उसके बाद भी प्रबंधक ने मेंटेनेंस का काम नहीं कराया। अस्पताल की बिल्डिंग पुरानी होने के कारण वर्षा में फाल सीलिंग गिरने की घटना हो रही है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना लगभग 350 से अधिक मरीज आते हैं। लगातार वर्षा होने के कारण अस्पताल परिसर में पानी भर गया है और मरीज व परिजनों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।