
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर आज “महिला सशक्तिकरण एवं मानव अधिकार” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में होगा, जिसमें मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर रहेंगे।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया होंगी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता यूएन वूमेन मध्यप्रदेश की स्टेट हेड जोयत्री रे होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता म.प्र. मानव अधिकार आयोग के सदस्य डॉ. अवधेश प्रताप सिंह करेंगे।
कार्यक्रम में महिला कल्याण से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दी जाएगी। इस अवसर पर आयोग द्वारा विषय आधारित एक “स्मारिका” का भी प्रकाशन किया जाएगा, जिसमें प्रबुद्धजनों के आलेख तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला-सम्बंधित योजनाओं की जानकारी प्रकाशित की गई है। इस स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के रूप में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, आयोग के पूर्व पदाधिकारी एवं अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, विधि संकाय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी तथा अन्य संबंधित संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।