
भोपाल। पिछले लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा छोड़ सभी सीटें जीतने के बाद से ही भाजपा ने ठान लिया था कि उसके लिए अब सभी 29 सीटें जीतने की राह आसान है। तब छिंदवाड़ा से नकुल नाथ 35 हजार मतों से ही जीत पाए थे। ऐसे में पार्टी को भरोसा था कि कांग्रेस से यह सीट छीनना भी उसके लिए कठिन नहीं है।
मुख्यमंत्री रहते हुए छिंदवाड़ा की जनता को लुभाने के लिए शिवराज सिंह चौहान ने यहां कई बड़े काम किए। यहां उनके लगातार दौरे होते रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां की सात में एक भी सीट नहीं मिली तो पार्टी ने पूरी ताकत इस सीट पर लगाना शुरू किया। चुनाव के दूसरे दिन ही शिवराज सिंह चौहान ने यहां बड़ी जनसभा कर छिंदवाड़ा सहित सभी सीटें जीतने बात दोहराई। वह विधानसभा चुनाव के पहले से दावा कर रहे थे कि 2024 में प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलेगा।