सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा पारिवारिक कलह का खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक मां ने कलेजे के टुकड़े 10 साल के बेटे को गला घोंटकर मार डाला तो जान से प्यारी डेढ़ साल की मासूम बेटी को जहर दे दिया। उसे जब लगा कि बच्चों की सांसे थम गई तो खुद फांसी पर झूल गई। घटना के कई घंटों बाद परिजनों को पता चला तो चीख-पुकार मच गई। हालांकि एक मां द्वारा इतने कठोर कदम उठाने के पीछे फिलहाल तक पुलिस कोई कारण नहीं तलाश सकी है।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गढ़ाकोटा रामबाग वार्ड में रहने वाले देवीलाल पटेल की पत्नी रीना ने रात के सन्नाटे में ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी कल्पना कर सभी स्तब्ध हैं। रीना ने अपने 10 साल के बेटे नीरज को बेहरमी से गला घोंटकर मौत की नींद सुला दिया। उसके बाद महज डेढ़ साल की बेटी परी को कलेजे पर पत्थर रखकर जहरीला पदार्थ पिला दिया। जब उसे लगा कि दोंनों बच्चे अब इस दुनिया में नहीं रहे तो उसने कमरे में फांसी लगाकर खुद भी जान दे दी। एक मां के इस हृदयविदारक कदम के पीछे पति-पत्नी के बीच झगड़े को कारण बताया जा रहा है। घटना के समय पति घर पर नहीं था, जब परिजन ने खिड़की से देखा तो रीना फंदे पर झूलती मिली तब दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे।
मासूम बेटी की सांसे चल रही थीं
परिजन जब अंदर पहुंचे तो डेढ़ साल की मासूम बिटिया परी की सांसे चल रही थीं, लेकिन वह अचेत अवस्था में पड़ी थी, परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर भागे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पहले पति की मौत, रीना की दूसरी शादी थी
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि रीना के पहले पति की मौत हो गई थी। देवीलाल से उसकी दूसरी शादी थी। पुलिस मामले में पारिवारिक कलह सहित अन्य बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है। देवीलाल की पंक्चर बनाने की दुकान है। घटना से पूरे क्षेत्र ने मातम का माहौल है। दूसरी ओर मृतिका के भाई राहुल ने स्थानीय मीडिया के सामने अपनी बहन व भांजे की हत्या की आशंका जताई है और पुलिस को दिए बयान में भी उसने बहन को मारने की बात कही है।