
संत हिरदाराम नगर। बैरागढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में बार-बार बिजली गुल होना स्थाई समस्या बन गई है। लोग इसके लिए बिजली कंपनी के मेंटनेंस पर सवाल खड़े कर रहे हैं वहीं कंपनी के अधिकारियों का कहना है किलोग घरों में एसी, कूलर, गीजर और भारी खपत वाले इलेक्ट्रानिक उपकरण लगाने के बावजूद लोड नहीं बढ़वाते, इस कारण ट्रांसफारमर्स पर दबाव बढ़ जाता है जिससे बिजली बंद हो रही है।
ग्रीष्मकाल में नागरिकों को बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से जूझना पड़ा। वर्षा शुरू होने के बाद बिजली की खपत कुछ कम हुई है लेकिन रह रह कर बिजली बंद होने का क्रम जारी है। कुछ इलाकों में ट्रांसफारमर में आग लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। पिछले दिनों आधी रात को बिजली बंद होने से लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
आक्रोश से आहत जनता ने देर रात को ही बिजली कंपनी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में कंपनी ने बूढ़ाखेड़ा में अधिक क्षमता वाले ट्रांसफारमर की स्थापना की। अब समस्या कुछ कम हुई है लेकिन सीआरपी, बैरागढ़ कला एवं आसपास के क्षेत्रों में अब भी बिजली गुल हो रही है।
लोड बढ़ाने के लिए अभियान चलाएंगे
बिजली कंपनी अब नागरिकों को यह बता रही है कि लोड बढ़ाने से क्या लाभ है। कंपनी के प्रबंधक नवनीत श्रीवास्तव का कहना है कि कुछ कालोनियों में पिछले दो साल में बिजली की खपत दो गुना से अधिक हो गई है। लोग ईमानदारी से बढ़ी हुई खपत का बिल भी जमा कर रहे हैं लेकिन हमारे रिकार्ड में अब भी पुराना लोड ही दर्ज है, इस कारण ट्रांसफारमर्स की क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। यदि लोग लोड बढ़वाएंगे तो इसी आधार पर हम कालोनी स्तर पर ट्रांसफारमर की क्षमता बढ़ाएंगे। श्रीवास्तव के अनुसार आनलाइन आवेदन देकर आसानी से लोड बढ़ावा जा सकता है। कामर्शियल कनेक्शन में स्वीकृत लोड से अधिक पाए जाने पर जुर्माने का भी प्रविधान है।