राइडर आशीर्वाद दांडे ने राइड पर जाने से पहले बताया कि चुनाव के दौरान हम छह दोस्तों ने चुनाव में मोदीजी की जीत की मन्नत मांगी थी और अब पूरी होने पर हम तीन बाइक से रवाना हो रहे हैं। यह राइड 20 दिन की रहेगी, जिसमें हम सबसे पहले दिल्ली पहुंचेंगे और वहां से चंडीगढ़ होते हुए सबसे पहले मनाली घूमेंगे। इसके बाद लद्दाख का एक स्पेशल टूर है, जिसमें हम उनके खान-पान और रहन-सहन सहित पूरे परिवेश को डाक्यूमेंटेड करेंगे। वहीं से हम पहले कश्मीर जाएंगे, जहां अति प्राचीन शारदा मंदिर में दर्शन करेंगे और उसके बाद जम्मू में जाकर माता वैष्णो देवी के दरबार पर मत्था टेकेंगे। यह राइड लगभग छह हजार किलोमीटर की रहेगी। हमें इस दौरान करीब 20 दिनों का समय लग जाएगा। इस दौरान हम जहां भी जाएंगे, वहां देश की एकता और भाईचारे का संदेश प्लेकार्ड के माध्यम से देंगे।
यह है उद्देश्य
आशीर्वाद ने बताया कि हम सभी राइडर्स अलग-अलग प्रोफेशन से हैं। मैं एक मैजिशियन हूं और कंटेंट क्रिएशन भी करता हूं। बाकि मेरे दोस्त कोई बिजनेस तो कोई नौकरी करता है, लेकिन राइडिंग हम सबको जोड़े रखती है। यह राइडिंग हम सिर्फ घूमने के लिए नहीं कर रहे, बल्कि हमारा उद्देश्य है कि देश के उत्तरी भाग और वहां की संस्कृति को समझें।