भोपाल। पहली बार हो रहे मध्य प्रदेश मेडिकल काउंसिल के चुनाव के लिए 26 अभ्यर्थी मैदान में हैं। इन्हीं में से पांच सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद कार्यकारिणी इन्हीं सदस्यों में से अध्यक्ष का चुनाव करेगी। चुनाव के लिए कुछ अभ्यर्थी पैनल के साथ मैदान में उतरे हैं, तो कुछ व्यक्तिगत तौर पर दावेदारी ठोक रहे हैं।ये उतरे चुनाव मैदान में
चिकित्सक महासंघ ने सर्वसम्मति से अपने पांच अभ्यर्थी तय कर चुनाव लड़ाया है। इस पैनल से भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डा. अभिजीत देशमुख, मध्य प्रदेश मेडिकल आफिसर्स एसोसिएशन से डा. माधव हसानी, नर्सिंग होम एसोसिएशन से डा. अनूप हजेला और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हैं।
इसके अलावा भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रभाकर तिवारी, मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. राजेंद्र ऐरन और स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी भी चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 28 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र भेजे थे, जिनमें दो अमान्य होने के बाद 26 चुनाव मैदान में हैं। काउंसिल में पंजीकृत सभी डाक्टर मतदान कर सकेंगे। 23 सितंबर को शाम पांच बजे तक डाक मत पत्र भेजे जा सकेंगे, जिनकी गणना 24 सितंबर को होगी। इंदौर के सात और भोपाल के आठ डाक्टर चुनाव लड़ रहे हैं।