भोपाल। बोट क्लब के पास बुधवार सुबह एक युवक-युवती ने बड़े तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली। मॉर्निंग वॉक पर आए स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं। पंचनामा तैयार करने के बाद पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवा दिए हैं।
मृतक युवती की शिनाख्त प्रिया साहू के रूप में हुई है। वहीं युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक युवती की मां से बात कर उन्हें घटना की सूचना दे दी है। मृतका बाग सेवनिया थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस का कहना है कि सुबह बोट क्लब के पास दो लोगों के तालाब में कूदने और नजदीक ही एक एक अज्ञात गाड़ी खड़े होने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्टया यह प्रेम प्रसंग में खुदकुशी का मामला लग रहा है। छानबीन चल रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।