नई दिल्ली: एग्जिट पोल्स के बाद सोमवार को स्थानीय शेयर बाजार में चौतरफा लिवाली देखने को मिली थी। इससे 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,507.47 अंक यानी 3.39 फीसदी उछलकर रिकॉर्ड 76,468.78 अंक पर बंद हुआ था। यह पिछले तीन साल में एक दिन में सबसे बड़ी तेजी थी। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 2,777.58 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 76,738.89 अंक तक चला गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 733.20 अंक यानी 3.25 फीसदी उछलकर अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 23,263.90 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 808 अंक यानी 3.58 फीसदी चढ़कर रिकॉर्ड 23,338.70 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स और निफ्टी में यह एक फरवरी, 2021 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी तेजी थी। उस समय बजट पेश होने के बाद दोनों सूचकांक करीब पांच फीसदी मजबूत हुए थे। शनिवार को ‘एग्जिट पोल’ में बीजेपी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की बड़ी जीत के अनुमान के बाद बाजार में यह तेजी आई थी। आज कुछ देर में लोकसभा चुनाव के नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।
सेंसेक्स के तीस शेयरों में से एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और पावरग्रिड नौ फीसदी से अधिक चढ़े थे। लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहे थे। दूसरी तरफ सन फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, नेस्ले और इन्फोसिस के शेयर नुकसान में रहे थे।
इन शेयरों में दिख रही तेजी
मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डिवर्जेंस (MACD) ने Amines & Plasticizers, Advait Infratech और AMIC Forging पर तेजी का रुख दिखाया है। एमएसीडी को ट्रेडेड सिक्योरिटीज या इंडेक्स में ट्रेंड रिवर्सल के संकेत के लिए जाना जाता है। जब एमएसीडी सिग्नल लाइन को पार करता है, तो यह एक तेजी का संकेत देता है। यह दर्शाता है कि शेयर की कीमत में ऊपर की ओर गति देखी जा सकती है। इसी तरह यह मंदी का भी संकेत देता है।
इन स्टॉक्स में मंदी के संकेत
एमएसीडी (MACD) ने Zensar Technologies, Insolation Energy, Elantas Beck India और Systematix Corporate Services के शेयर में मंदी का संकेत दिया है। इसका मतलब है कि अब इन शेयरों में गिरावट शुरू हो गई है।इन शेयरों में दिख रही खरीदारी
जिन शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिल रही है, उनमें Adani Ports, NTPC, SBI, Power Grid, Adani Enterprises, L&T और Reliance Industries शामिल हैं। इन शेयर ने अपना 52 हफ्ते का उच्च स्तर पार कर लिया है। यह इन शेयर में तेजी का संकेत देता है।