भोपाल। शहर के 10 मार्गों पर दौड़ने वाली 149 सिटी बसों के पहिये गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी थमे रहे। इस वजह से लगभग एक लाख यात्रियों को परेशान होना पड़ा। दरअसल टिकट एजेंसी 'चलो एप' ने प्रति किलोमीटर दी जाने वाली राशि घटाने की मांग की। इसके चलते बस आपरेटर मां एसोसिएट ने भी बसें डिपो से नहीं निकाली। इस कारण से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। वहीं बीसीएलएल शुक्रवार को भी इस मामले में सुलह नहीं करा पाया है।इन मार्गों पर नहीं चली बसें
बता दें कि यह बसें बैरागढ़ चीचली, करोंद, अयोध्या नगर, भौंरी, मंडीदीप, कोकता, लालघाटी, चिरायु अस्पताल, मिसरोद, एयरपोर्ट, गांधीनगर सहित अनेक क्षेत्रों में जाती हैं। बस आपरेटर और टिकट एजेंसी के बीच खींचतान के कारण 115, 113, 116, 205, 204, 208, एसआर -8, टीआर - 1, 311 और 106 रूट पर चलने वाली बसें नहीं चली।
इन्हें अधिक परेशानी
बसें नहीं चलने से नौकरीपेशा महिलाओं, कालेज विद्यार्थियों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। दरअसल वह इन बसों के जरिए ही आवागमन करते हैं। अब ऐसे में बसें नहीं चलीं तो उनको जाने के लिए अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा। ऐसे में यदि बसें अधिक समय तक नहीं चलीं तो लोगों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। इससे पहले जून में करीब सात दिन तक बसें नहीं चली थी। कंडक्टर-ड्राइवरों ने पीएफ की राशि जमा नहीं किए जाने के मामले में हड़ताल की थी। यह मामला जैसे-तैसे सुलझा और कुछ दिन बसें चली ही थी कि गुरुवार को फिर से इनके पहिये थम गए हैं।
बीसीएलएल (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) के अधिकारियों ने बताया कि बसों के संचालन के दो सिस्टम है। एक बस आपरेटर है और दूसरा टिकट आपरेटर। टिकट आपरेटर- चलो एप ने निर्धारित राशि घटाने की मांग की है। शुक्रवार को मामला सुलझाने का प्रयास किया गया है लेकिन हल नहीं हो सका है। उम्मीद है कि शनिवार से बसों का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा।