
भोपाल। दलित युवती के साथ हुए अन्याय, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, परिवार के साथ हुए अमानवीय व्यवहार की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल महोदय मंगुभाई पटेल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
मप्र महिला कांग्रेस ने सागर के खुरई में हुई दलित परिवार की घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि अंजना अहिरवार की मौत हादसा नहीं हत्या है। उन्होंने सागर जिले की खुरई तहसील के बरोदिया नोनागिर गांव में नौ महीने पहले एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद सत्ता पक्ष से जुड़े दबंगों, रसूखदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने के संबंध में अवगत कराया।
मप्र महिला कांग्रेस का मानना है कि भाजपा की मोहन यादव सरकार के राज में मध्यप्रदेश में दलित होना गुनाह है। यह आरोप नहीं एक स्याह सच है। शर्मनाक है। मानवता के खिलाफ है। दलितों के खिलाफ बढ़ते अत्याचार किसी भी प्रगतिशील और सभ्य समाज के लिए चिंताजनक हैं। मप्र में दलितों के खिलाफ अत्याचार पिछले वर्षों की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। सामाजिक न्याय के बड़े-बड़े दावों के बावजूद दलितों के खिलाफ लगातार हिंसा बढ़ रही है।