भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में बड़ी झील किनारे स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय बोरवन पार्क में बुधवार शाम को अचानक आग लग गई। इससे लोगों में थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी मच गई। सांध्यकालीन सैर करने पार्क में पहुंचे लोगों ने आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। इसके बाद दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से पार्क में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
यह है घटनाक्रम
शाम करीब सात बजे पार्क के अंतिम छोर स्थित टावर के पास से आग की लपटें उठती देख पार्क में सैर करने आए राजकुमार थावानी ने फायर स्टेशन पर आग लगने की सूचना दी। कुछ ही समय में दमकलें मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछार करते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूखे पत्तों की वजह से आग फैलते हुए झील से सटे क्षेत्र तक पहुंच गई थी। संयोग से उस समय हवा नहीं चल रही थी, इस कारण आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया गया। इस आग में कुछ सूखे पेड़ जल गए। यदि उस समय तेज हवा चलती तो पार्क में लगे सैकड़ों पेड़ खाक हो सकते थे। करीब 50 एकड़ में फैले बोरवन पार्क में सैकड़ों हरे-भरे पेड़ लगे हैं। बैरागढ़ फायर स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार आग से सूखे पत्ते ही जले हैं। समय पर आग पर काबू पा लिया गया।