भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में बिजली से संबंधित शिकायतों का समाधान नहीं हो पा रहा है। बीती रात लगातार दूसरे दिन करीब पांच घंटे तक बिजली गुल रही। इस वजह से आधे से अधिक उपनगर में अंधेरा छाया रहा। इससे भीषण गर्मी में परेशान नागरिकों के सब्र का बांध टूट गया और वे घरों से बाहर निकल आए तथा बिजली कंपनी के दफ्तर पर प्रदर्शन किया गया।गौरतलब है कि पिछले तीन-चार दिन से गर्मी बढ़ाने के साथ ही बिजली की खपत बढ़ गई है। लोड बढ़ाने के साथ ही बिजली कंपनी के ट्रांसफार्मर खराब होते जा रहे हैं। गुरुवार रात को बुढ़ाखेड़ा सब स्टेशन में अचानक खराबी आ गई। इसे सुधारने के लिए स्थानीय स्तर पर अमला ठीक पहुंचा, लेकिन खराबी ठीक नहीं हो सकी। रात को एक बजे के बाद एचटी लाइन का अमला सुधार कार्य करने पहुंचा। उसे भी सुधार कार्य करने में काफी समय लग गया। इस दौरान गर्मी से परेशान नगर घरों से बाहर निकल आए।बिजली कंपनी मुर्दाबाद के नारे लगे
बैरागढ़ थाने के निकट स्थित बिजली कंपनी के दफ्तर पर पहुंचकर लोगों ने प्रदर्शन किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। वन ट्री हिल्स में पार्षद राजेश हिंगोरानी के निवास के बाहर भी लोगों ने प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि मेंटेनेंस न होने की वजह से बैरागढ़ में मामूली गर्मी में और हवा चलने पर बिजली बंद हो रही है। शिकायतों का समाधान भी नहीं हो पा रहा है। इससे जनता में आक्रोश है। कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने सुधार कार्य के लिए अमला बढ़ाने की मांग की है। ज्ञानचंदानी ने देर रात को बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।