
मध्यप्रदेश में नर्सिंग कॉलेज घोटाले की जांच में जुटे सीबीआई के 2 इंस्पेक्टर समेत 13 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कई खुलासे हो रहे हैं। आरोपी रिश्वत के लेन देन में छाछ गिलास, अचार की बरनी जैसे विशेष कोडवर्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। पैसा उठाने वाले को कैरियर, लाखों रुपए को अचार की बरनी और रुपयों की गिनती किलो आम कहते थे। फिलहाल सीबीआई सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए दिल्ली लेकर गई है। इससे पहले 13 में से 12 आरोपियों को रविवार और सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को 29 मई तक रिमांड पर भेजा गया।
4 शहरों के 31 ठिकानों पर की छापेमारी
सीबीआई विजिलेंस टीम ने मध्यप्रदेश में भोपाल, इंदौर और रतलाम के अलावा राजस्थान के जयपुर में 31 ठिकानों पर छापेमारी कर सीबीआई के तीन अधिकारियों समेत 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यहां से कुल 2.33 करोड़ नकद के अलावा चार सोने के बिस्किट और 36 डिजिटल डिवाइज बरामद की गई है।
आरोपियों से 150 से अधिक अनाधिकृत दस्तावेज भी मिले हैं। सीबीआई अफसरों के मुताबिक सीबीआई भोपाल ने हाईकोर्ट के निर्देश पर नर्सिंग कॉलेजों की जांच के लिए सात कोर टीम और चार सपोर्टिंग टीम बनाई थीं।
सीबीआई की विजिलेंस टीम को शिकायत मिली थी कि सीबीआई के इन्सपेक्टर राहुल राज समेत अन्य सीबीआई अधिकारी रिश्वत लेकर काॅलेजों को मनमाफिक रिपोर्ट दे रहे हैं। आंतरिक जांच के बाद पूरा सर्च ऑपरेशन किया गया।
घूस लेते सीबीआई का एक और इंस्पेक्टर पकड़ाया
इससे पहले सोमवार को ही नर्सिंग कॉलेज घोटाले की जांच कर रही सीबीआई टीम के एक और इंस्पेक्टर सुशील मजोकर को सीबीआई दिल्ली की विजिलेंस टीम ने दो लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। मजोकर ACB भोपाल CBI में अटैच था। इसके अलावा रतलाम नर्सिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल जुगल किशोर शर्मा और भाभा कॉलेज भोपाल के प्रिंसिपल जलपना अधिकारी को भी गिरफ्तार किया है।
इससे पहले रविवार रात सीबीआई इंस्पेक्टर राहुल राज को 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। सीबीआई निरीक्षक राहुल राज को रिश्वत देने वाले भोपाल के मलय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन अनिल भास्करन, प्रिंसिपल सूना अनिल भास्करन और एक मीडिएटर सचिन जैन को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया थ।
राहुल राज सही सुइटबिलिटी रिपोर्ट देने के नाम पर रिश्वत ले रहे थे। मजोकर, जुगल किशोर शर्मा और जलपना अधिकारी की गिरफ्तारी भी रिश्वत को लेकर की गई है। बता दें कि हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई का एक जांच दल नर्सिंग कॉलेज घोटाले की जांच कर रहा है। सीबीआई के जांच दल में एमपी नर्सिंग काउंसिल के अधिकारी, सीबीआई के अफसर और पटवारी शामिल हैं।
सीबीआई इंस्पेक्टर के घर से सोने के बिस्किट मिले
सीबीआई की एक टीम ने भोपाल में आरोपी सीबीआई इंस्पेक्टर राहुल राज के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा और उन्हें रिश्वत लेते पकड़ा। राहुल राज के घर से तलाशी में 7 लाख 88 हजार रुपए नकद और 100-100 ग्राम के सोने के बिस्किट भी मिले हैं।
उत्कृष्ट जांच के लिए सम्मानित हो चुके राहुल राज
दस लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए धराए सीबीआई के इंस्पेक्टर राहुल राज को अगस्त 2023 में उत्कृष्ट जांच के लिए केंद्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित किया गया था। राहुल राज सीबीआई के उन 15 अफसरों मे शामिल थे, जिन्हें उत्कृष्ट जांच के लिए ये सम्मान मिला था। वहीं सीबीआई इंस्पेक्टर सुशील मजोकर मप्र पुलिस से डेप्युटेशन पर सीबीआई भोपाल में पदस्थ है।
रतलाम में भी जांच कर चुके हैं पकड़े गए सीबीआई इंस्पेक्टर
मार्च माह में रतलाम जिले के नर्सिंग कॉलेजों में सीबीआई ने जांच की थी। सैलाना क्षेत्र के नर्सिंग कॉलेजों में जांच करने भोपाल में रिश्वत लेते पकड़े गए सीबीआई इंस्पेक्टर में से एक गए थे। इसके बाद रविवार को सीबीआई सैलाना के आधार नर्सिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल जुगल किशोर शर्मा को अरेस्ट कर अपने साथ ले गई। प्रिंसिपल रोहित शर्मा को भी सीबीआई ने पूछताछ के लिए दिनभर बैठा कर रखा। बाद में उसे छोड़ दिया। इसके अलावा रतलाम के सरकारी नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल कीर्ति श्रीवास्तव से भी सीबीआई ने पूछताछ की गई है। बाद में इन्हें भी छोड़ दिया। साथ ही, इंदौर के प्रत्यांश कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ओम गिरी गोस्वामी को इंदौर से पकड़ा है। इनके भाई मुकेश गिरी गोस्वामी का रतलाम में कॉलेज है।
दिल्ली CBI ने 2 CBI निरीक्षक समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है...
NSUI ने की थी सीबीआई को शिकायत
सीबीआई के इंस्पेक्टर राहुल राज की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी के बाद एनएसयूआई ने दावा किया है कि उनकी शिकायत पर सीबीआई ने एक्शन लिया है। एनएसयूआई मेडिकल विंग के प्रदेश समन्वयक रवि परमार ने 15 अप्रैल को सीबीआई कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। जिसके बाद CBI ने कुछ विभागीय लोगों को भी जांच के रडार पर लिया है। एनएसयूआई नेता रवि परमार ने कहा कि वे जल्द ही अन्य भ्रष्टाचारी निरीक्षकों और नर्सिंग फर्जीवाड़े में शामिल नर्सिंग कॉलेज संचालकों और दलालों की जानकारी सीबीआई को सौंपेंगे। एनएसयूआई नेता रवि परमार ने कहा कि मैं दिल्ली सीबीआई को जल्द ही अन्य भ्रष्टाचारी निरीक्षकों और नर्सिंग फर्जीवाड़े में शामिल नर्सिंग काॅलेज संचालकों और दलालों की जानकारी सौंपेंगे।