भोपाल। राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) ने एक रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार, पेरिस पैरालंपिक क्वालीफाई करने वाली पैरा केनो खिलाड़ी रजनी झा, अकादमी की स्टार एथलीट शालिनी और पैरा केनो खिलाड़ी गजेंद्र सिंह डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। नाडा की रिपोर्ट में ये तीनों खिलाड़ी पाजिटिव पाए गए हैं। इस रिपोर्ट के आने से मध्य प्रदेश को तगड़ा झटका लगा है।शालिनी रांची में हुए राष्ट्रीय खेलों में डिस्कस थ्रो स्पर्धा की स्वर्ण पदक विजेता हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। उनके कोच संदीप सिंह भी संदेह के घेरे में आ गए हैं। पेरिस पैरालंपिक में क्वालीफाई करने वाली पैरा कैनो खिलाड़ी रजनी झा का नाम भी आया है। एशियाई खेलों में पैरा कैनो स्पर्धा के कांस्य पदक विजेता गजेंद्र सिंह इसमें भी शामिल हैं।इन तीनों खिलाड़ियों को उनके खेल संघों ने निलंबित कर दिया है। एथलीटों के स्वजनों का कहना है कि वे प्रतिबंध के खिलाफ अपील करेंगे। संपर्क करने पर मप्र खेल विभाग के अधिकारियों ने इस मामले पर टिप्पणी करने से मना कर दिया है। प्रतिबंध के खिलाफ एथलीटों की अपील प्रक्रिया आने वाले महीनों में सामने आएगी। डोपिंग प्रतिबंध के खिलाफ अपील करने की प्रक्रिया लंबी और जटिल हो सकती है, जिसमें कई कदम और सुनवाई शामिल हैं।