10 साल में मनमोहन 1, मोदी 4... देश के शेयर मार्केट का यह वर्ल्ड रेकॉर्ड हैरान कर देगा
Updated on
22-05-2024 02:07 PM
नई दिल्ली: भारत में सभी लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप मंगलवार को इंट्राडे ट्रेड में 5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही भारत यह मील का पत्थर हासिल करने वाला दुनिया का पांचवां शेयर बाजार बन गया। अब तक केवल अमेरिका, चीन, जापान और हॉन्ग कांन्ग ही इस मुकाम पर पहुंचे हैं। मंगलवार को बाजार बंद होने पर बीएसई का मार्केट कैप 414.6 लाख करोड़ रुपये था, जो 4.97 ट्रिलियन डॉलर के बराबर है। अगर हम केवल एनएसई पर लिस्टेड कुछ बड़ी कंपनियों के मार्केट कैप को ध्यान में रखें तो भारत का कुल मार्केट कैप 415.2 लाख करोड़ रुपये या 4.98 ट्रिलियन डॉलर होगा। भारत का मार्केट कैप 29 नवंबर, 2023 को चार ट्रिलियन डॉलर पहुंचा था और इसे पांच ट्रिलियन डॉलर पहुंचने में केवल छह महीने का समय लगा। भारत का मार्केट कैप मार्च 2007 में पहली बार एक ट्रिलियन डॉलर पहुंचा था। इसके बाद दो ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने में इसे 10 साल लग गए। मई 2021 में यह तीन ट्रिलियन डॉलर पर पहुंचा। इस तरह मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत के मार्केट कैप में तेजी से इजाफा हुआ है।