भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपितों ने महिला को झांसा दिया था कि वे उसके बच्चों की रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। इसके लिए उन्होंने अलग-अलग समय में नकद व आनलाइन के माध्यम से लगभग नौ लाख रुपये जमा करवा लिए। रुपये देने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो महिला ने रकम वापस मांगी। इस पर आरोपितों ने हीलाहवाली करते हुए उससे कन्नी काट ली। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।यह है मामला
निशातपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे ने बताया कि करोंद के रूपनगर निवासी 55 वर्षीय मनोरमा ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया कि नीरज शर्मा नाम के व्यक्ति ने वर्ष 2022 में फोन पर संपर्क कर बोला था कि रेलवे में एक पद खाली है। उसमें आपकी बेटी की नियुक्ति हो सकती है। इसके लिए 15 लाख रुपये देना पड़ेंगे। भरोसा जताने के लिए नीरज ने रेलवे में पदस्थ कर्मचारी होने की बात कहते हुए महिला की अंकित, राहुल और सुनील नाम के युवकों से भी बात कराई थी। नीरज के कहने पर महिला ने कथित रेलवे कर्मचारियों के खाते में अलग-अलग समय में रुपये जमा करा दिए। धीरे-धीरे करके महिला करीब नौ लाख रुपये जमा करा चुकी थी। उसके बाद भी नौकरी संबंधी कोई प्रगति नहीं हुई। इस पर महिला ने अपने रुपये वापस मांगना शुरू कर दिया, तो नीरज ने महिला का फोन रिसीव करना ही बंद कर दिया। परेशान होकर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में धोखाधड़ी होने की पुष्टि होने पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।