भोपाल। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब शहर के नागरिकों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। नगर निगम प्रशासन इसके लिए एक नई व्यवस्था करने जा रहा है। अब निगम के कार्यालयों से चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स, विश्राम घाट और कब्रिस्तान को लिंक किया जाएगा।
महापौर मालती राय ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर जन्म-मृत्यु के पंजीयन के लिए चिकित्सालयों और विश्रामघाटों व कब्रिस्तानों द्वारा जन्म अथवा मृत्यु संबंधी सूचना जोन कार्यालय, निगम मुख्यालय में तीन दिन में अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं, जन्म-मृत्यु के संबंध में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं विश्राम घाट, कब्रिस्तान प्रबंध समितियों को शीघ्र पत्र लिखकर अनिवार्यता सुनिश्चित करने को कहा है।
ये निर्देश भी दिए
इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर ने अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया का सरलीकरण करने एवं योग्यता अनुसार आश्रितों को नियुक्ति प्रदान करने, निगम कर्मचारियों के पदोन्नति संबंधी प्रकरणों में विधि अनुसार कार्रवाई शीघ्रता से करने और निगम के पुस्तकालयों में पाठकों को स्वच्छ वातावरण एवं और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान अपर आयुक्त टीना यादव, महापौर परिषद की सदस्य सुषमा बावीसा, उपायुक्त योगेन्द्र सिंह पटेल एवं सीबी मिश्रा आदि मौजूद रहे।