
बैरसिया रोड स्थित घासीपुरा में 14 नवंबर से शुरू होने वाले 78वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अब मुकम्मल हो गई हैं। बुधवार को पुलिस प्रशासन और नगर निगम के आला अफसरों ने इज्तिमागाह पहुंचकर फुलप्रूफ इंतजामों का जायजा लिया।
लाखों बंदों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन किसी भी स्तर पर ओवर कॉन्फिडेंस या ओवरलुक नहीं करना चाहता। सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई और पेयजल प्रबंधन से लेकर बिजली व्यवस्था तक हर पहलू की माइक्रो लेवल पर जांच की गई।
राजधानी से 15 किमी दूर करीब 600 एकड़ में टेंट सिटी के रूप में सजे इज्तिमागाह में दिनभर अफसरों की आवाजाही रही। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने अधिकारियों के साथ पहुंचकर बाहरी और भीतरी दोनों व्यवस्थाओं का मुआयना किया। जीरो वेस्ट थीम पर आधारित इस आयोजन में सुरक्षा पर विशेष फोकस रखते हुए आयोजन समिति को सीसीटीवी और अन्य आवश्यक हिदायतें दी गईं।
जुमे की नमाज में उमड़ेगी भीड़ चार दिनी इज्तिमा का आगाज शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के बाद मजहबी तकरीर से होगा। जुमे की नमाज में भारी भीड़ की संभावना है, जिस पर कड़ी निगरानी और अतिरिक्त बिछात व्यवस्था की तैयारी रखी गई है।
कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क तैयार इज्तिमागाह में पुलिस, प्रशासन और निगम के संयुक्त कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। आयोजन समिति की ओर से इंटरप्रिटेशन सेंटर और हेल्प डेस्क भी शुरू की गई है ताकि किसी भी जरूरत या सूचना के लिए तुरंत सहायता मिल सके।
सभी मार्गों पर ट्रैफिक प्लान के साथ 24x7 ड्यूटी पर रहेंगे जवान
इंतजामों का अफसरों ने लिया जायजा... पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने टेंट सिटी के बाहर और अंदर की व्यवस्थाओं का मुआयना किया। साथ ही सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई और पेयजल व्यवस्था की माइक्रो लेवल पर जांच की।
सफाई-पेयजल व्यवस्था सख्त... फुटपाथ पर नहीं लगेंगी दुकानें