भोपाल। मप्र के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने तेलंगाना के हनमनकोंडा वारंगल में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नया शिगूफा धर्म आधारित वोट जिहाद है। वोट के लिए कांग्रेस की ऐसी कुत्सित मानसिकता को आपको सिरे से उखाड़ फेंकना है। वह दलित पिछड़ों का आरक्षण कम करके मुस्लिमों को देना चाहती है। कांग्रेस के नेतृत्व में आइएनडीआइए की सरकार बनी तो वह देशभर में कर्नाटक जैसा ही आरक्षण माडल लागू करेंगे, लेकिन मोदी जी गारंटी देते हैं कि दलित पिछड़ों का आरक्षण न कभी खत्म होगा और न ही धर्म के नाम पर बंटेगा।
दस साल का विकास तो सिर्फ ट्रेलर
उन्होंने कहा कि केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर न केवल अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण बरकरार रखेंगे, बल्कि इन वर्गों के आरक्षण में से कुछ राज्यों में मुस्लिमों को दिए गए आरक्षण को भी खत्म कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश का जो विकास किया है, वह तो एक ट्रेलर है। राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा 500 वर्ष से करोड़ों राम भक्त देख रहे थे, वह प्रतीक्षा पूरी हुई।
मोदी सरकार नेशन फर्स्ट के सिद्धांत पर चलती है, जबकि कांग्रेस और बीआरएस फैमिली फर्स्ट के सिद्धांत को सर्वोपरि रखते हैं। कांग्रेस में 50-60 वर्ष तक पूरे देश को ठगा और बीआरएस ने पिछले दो दशक में तेलंगाना को। कांग्रेस और बीआरएस के नेता और उनकी सरकार भ्रष्टाचार के अखंड दलदल में डूबी हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री जेल में हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री जेल हो आए हैं और जमानत पर हैं। दिल्ली शराब घोटाले की आरोपित बीआरएस की कविता भी जेल में हैं। कांग्रेस का शाही परिवार तो जमानत पर है ही।