
मप्र युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मितेंद्र सिंह यादव आज भोपाल में प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक करेंगे। पीसीसी में होने वाली इस बैठक में मितेंद्र सभी पदाधिकारियों से पिछले छह महीनों में किए गए कामों की समीक्षा करेंगे। आज और कल दो दिनों तक चलने वाली बैठकों में मितेंद्र सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विधानसभा अध्यक्षों का परफॉरमेंस रिव्यू करेंगे।
बताना होगा क्या काम किए
दो दिनों तक होने वाली युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठकों में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और विधानसभा अध्यक्षों को ये रिपोर्ट देनी होगी कि बीते छह महीने में उन्होंने क्या-क्या काम किए। विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में कौन से टास्क पूरे किए और क्या नवाचार किए।
मितेंद्र ने मांगा दो महीने का प्लान
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने सभी पदाधिकारियों से अगले दो महीनों का प्लान मांगा है। जिसमें सभी पदाधिकारियों को अपने प्लान में यह बताना होगा कि नए युवाओं को जोड़ने के लिए उनके पास क्या योजना है। नए युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी देने के लिए क्या क्राइटेरिया फिक्स किया है। चुनावों में जो कमियां रहीं उन्हें कैसे दूर करेंगे। संगठन में जो युवा अच्छा काम कर रहे हैं उन्हें आगे बढ़ाने के लिए क्या प्लान है। जिले में युवाओं से जुडे़ कौन से ऐसे मुद्दे हैं जिनपर युवा कांग्रेस आंदोलन करने जा रहा है।
बैठक में नहीं आएंगे भूरिया
दो दिनों तक होने वाली बैठकों में यूथ कांग्रेस के निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया शामिल नहीं होंगे। करीब एक महीने पहले डॉ विक्रांत भूरिया ने पिता के चुनाव प्रचार में वक्त देने के कारण युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। भोपाल में हो रही पहली बैठक में भूरिया शामिल नहीं होंगे। उनके करीबियों का कहना है कि वे हिमाचल प्रदेश चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।