
भोपाल। मध्य प्रदेश राजस्व मंडल के अध्यक्ष अश्विनी राय सेवानिवृत्त हो गए पर इसका लाभ अभी किसी अधिकारी को नहीं मिलेगा। प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे अपर मुख्य सचिव पद पर पदोन्नत होंगे। मगर उन्हें इसके लिए अगस्त माह के अंत तक प्रतीक्षा करनी होगी। कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष संजय बंदोपाध्याय 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे। तब जो पद रिक्त होगा, उस पर संजय दुबे को पदोन्नत किया जाएगा।
प्रदेश में मुख्य सचिव का वेतनमान पाने वाले 14 अधिकारी हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटाए जाने के कारण एक अधिकारी संजय बंदोपाध्याय बढ़ गए हैं। स्वीकृत पद से अधिक अधिकारी होने के कारण सरकार ने दो माह के लिए मुख्य सचिव वेतनमान का पद स्वीकृत किया था। कल्पना श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने पर यह पद स्वत: समाप्त हो गया।
एक पद वीरा राणा के सेवानिवृत्त होने पर मार्च में उपलब्ध होता पर उन्हें छह माह की सेवावृद्धि मिल गई। इसलिए अश्विनी राय के सेवानिवृत्त होने पर 1993 बैच के अधिकारी संजय दुबे पदोन्नत नहीं हो पाएंगे। उन्हें 1988 बैच के संजय बंदोपाध्याय के 31 अगस्त 2024 में सेवानिवृत्त होने पर एक पद उपलब्ध होगा, जिस पर दुबे की पदोन्नति होगी।
इसके बाद यदि मुख्य सचिव वीरा राणा को एक बार और सेवावृद्धि नहीं मिलती है, तो सितंबर में एक पद रिक्त होगा। जिस पर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई और नवंबर में अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन का नंबर आएगा।