दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान फिलहाल लोकसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में दिल्ली में हैं। यहां पर उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री और 'आप' सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर निशाने पर लिया और उन्हें ऐसा महाधोखेबाज शख्स बताया, जिसने अपनों को भी ठगने में कसर नहीं छोड़ी।
ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं
बुधवार को एक न्यूज एजेंसी के पत्रकार के साथ बातचीत में शिवराज ने अरविंद केजरीवाल को लेकर कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं। वह न सिर्फ करप्शनवाल हैं, बल्कि नटवरलाल भी हैं। जो दूसरों को ठगे वो ठग लेकिन जो अपनों को ठगे वो 'महाठग'। इन्होंने किस-किसको नहीं ठगा। आदरणीय अण्णा हजारे, प्रशांत भूषण समेत नेताओं की एक श्रंखला है, जिन्हें अरविंद केजरीवाल ने धोखा दिया है। यह केवल संयोग नहीं है। उन्होंने कुमार विश्वास के साथ क्या किया? योगेंद्र यादव के साथ क्या किया? अब स्वाति मालीवाल का नंबर है।
चुप्पी पर उठाया सवाल
शिवराज ने कहा कि मैं एक ही सवाल पूछना चाहता हूं कि आखिर वह (केजरीवाल) स्वाति मालीवाल पर बोल क्यों नहीं रहे? स्वाति मालीवाल के मुद्दे पर पहले तो 'आप' नेता संजय सिंह ने बड़े जोश में बयान दिया था कि गलत हुआ है। सख्त एक्शन लेंगे। लेकिन (केजरीवाल) अपने पीए पर बोल क्यों नहीं रहे? शिवराज ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि चुप-चुप बैठे हो, जरूर कोई बात है? घोटालों की चाभी क्या विभव कुमार के पास है? आपने बहन-बेटी का अपमान किया, यह जनता सहन नहीं करेगी।
नेहरू पर भी साधा निशाना
इससे पहले एक सभा में शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों और देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा। शिवराज ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीर मामले में एक ऐतिहासिक गलती की। हमारे सुरक्षा बल पाकिस्तान के खिलाफ लड़ रहे थे, लेकिन उन्होंने युद्ध बंद कर दिया, अगर युद्ध 3 दिन और चलता तो पूरा कश्मीर हमारा होता। अब सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर ही वापस लेना बाकी है और हम इसे वापस लेंगे।