
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) में भोपाल की 7 में से बैरसिया विधानसभा में बुधवार दोपहर में डिजिटाइजेशन का काम 100% हो गया। 1 महीने के अंदर यहां कुल 2 लाख 53 हजार 922 वोटर्स के फार्म डिजिटाइज किए गए। दूसरे नंबर पर हुजूर और तीसरे पर भोपाल उत्तर विस है।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि बैरसिया विधानसभा में समय से पहले डिजिटाइजेशन का काम कर लिया गया। एसडीएम आशुतोष शर्मा, तहसीलदार समेत पूरी टीम इस काम में जुटी थी। वहीं, हुजूर में 88 प्रतिशत और भोपाल उत्तर में 85 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो चुका है। अगले 2 दिन में बाकी बची 6 विधानसभा में भी शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर लेंगे।
15 दिन में 7 से बढ़कर 80% पहुंचे भोपाल की सात विधानसभा सीटों में 21 लाख 25 हजार 908 वोटर हैं। इनमें से 21.10 लाख फॉर्म बांटे गए। 19 नवंबर तक की स्थिति में फॉर्म की वापसी का प्रतिशत 7.37 ही था। वहीं, 1 दिसंबर को यह 66.5% पहुंच गया। पिछले 3 दिन से जिला प्रशासन खासकर तौर पर अलर्ट हुआ। इसके बाद आंकड़े में बढ़ोतरी हुई और यह 80 प्रतिशत तक पहुंच गया। नो मेपिंग का आंकड़ा 4 प्रतिशत है। इसे मिला दिया जाए तो यह 84 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
आंकड़ों के अनुसार, बैरसिया में 100%, भोपाल उत्तर में 85%, नरेला में 73%, भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 69%, भोपाल मध्य में 72.5%, गोविंदपुरा में 71.2% और हुजूर में 88% डिजिटलाइजेशन का काम हुआ है।
समझाईश, फटकार, कार्रवाई और सम्मान भी एसआईआर के काम में लापरवाही बरतने पर एक दर्जन से ज्यादा बीएलओ पर कार्रवाई भी हो चुकी है। वहीं, अब काम पूरा करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया जा रहा है। कलेक्टर सिंह ने हाल ही में कलेक्टोरेट में ऐसे बीएलओ और सुपरवाइजरों का सम्मान किया था। बैरसिया एसडीएम शर्मा ने भी शत-प्रतिशत काम होने पर बीएलओ, सुपरवाइजर को सम्मानित किया।