भोपाल। शाहपुरा इलाके में एक चोरी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां पहले नौकर ने मौके का फायदा उठाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित नगदी चुराई और फिर कुछ ही देर बाद घर के मालिक को मैसेज कर खुद के द्वारा चोरी की सूचना भी दे दी। इतना ही नहीं, उसने चुराई गई रकम कुछ दिनों बाद लौटाने की बात भी मैसेज में लिखी। शिकायत पर चूनाभट्टी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है और आरोपित की तलाश की जा रही है।बेटा भी शहर से बाहर था
मामले की जांच कर रहे एएसआई विश्वनाथन ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग में सब डिवीजनल ऑफिसर (एसडीओ) के पद पर कार्यरत कपिल त्यागी अपने परिवार के साथ शाहपुरा में रहते हैं। वे 19 जुलाई को अपनी बेटी से मिलने अमेरिका गए थे। साथ ही उनका बेटा चिरायु, जो पेशे से बिल्डर है, वह इंदौर में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी का फायदा उठाकर शनिवार को उनके नौकर ने पहले सोना, चांदी समेत नगदी चुराई और उसके बाद शाम को कपिल तिवारी और उनके बेटे को मैसेज भेजकर खुद चोरी की जानकारी दे दी।
घटना के बाद से आरोपित फरार है और मोबाइल ट्रेसिंग में उसकी आखिरी लोकेशन सीहोर की बताई जा रही है। हालांकि फरियादी द्वारा अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोर ने घर से क्या-क्या सामान चोरी किया है, फिलहाल उन्होंने सिर्फ आभूषण और नगदी की जानकारी दी है। यह घटना शाहपुरा की उस गली की है, जहां चार महीने पहले न्यूरोलॉजिस्ट अंशुल सिंह के घर भी पचास लाख रुपये की चोरी हुई थी।
अधिकारी की मां के पर्स से चुराई थी चाबी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेटे चिरायु के इंदौर जाने के बाद कपिल की मां और उनका नौकर दीपक यादव ही घर में अकेले थे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते मां नीचे के फ्लोर पर रहती हैं, जबकि कपिल और उनका बेटा ऊपर के फ्लोर पर रहते हैं। शनिवार दोपहर को उनका नौकर दीपक कपिल की मां को थैरेपी के लिए अस्पताल छोड़कर गया था, इस दौरान उसने मां के पर्स से मकान की चाबी चुरा ली थी।
वहां से वह सीधे घर पहुंचा और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चुराई। चोरी करने के बाद वह वापस अस्पताल पहुंचा और कपिल की मां को वापस घर छोड़कर भाग गया। कुछ देर बाद उसने कपिल और चिरायु दोनों को मैसेज कर चोरी की सूचना दी। चिरायु के दोस्त अमित थरानी ने रात करीब ढाई बजे चूनाभट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच की जा रही है।
दो महीने पहले रखा था काम पर
एएसआई विश्वनाथन ने बताया कि दीपक ने दो महीने पहले कपिल के यहां नौकरी करना शुरू की थी। वह अशोकनगर के चंदेरी का रहने वाला है। उन्होने बताया कि वारदात के बाद आरोपित ने शनिवार की रात को चिरायु को मैसेज किया। इसमें उसने लिखा कि मैने घर से 50-60 हजार रुपए कैश निकाल लिए हैं। परेशान मत होना, 20 दिन बाद स्वयं यह रकम लौटा दूंगा।